संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडी किशनदास सराय निवासी मुनासिब अली का छह वर्षीय बेटा अजमल अली सोमवार की शाम करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के समय अजमल अली अपने छोटे भाई अनम अली के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में खेल रहा था।
क्षेत्र के गांव मंडी किशनदास सराय निवासी मुनासिब अली के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे अजमल अली और अनम अली है। बड़ा बेटा अजमल अली एक निजी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। सोमवार की शाम अजमल अली अपने छोटे भाई अनम के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में खेल रहा था। पिता मुनासिब अली ने बताया कि काफी देर तक अजमल अली व अनम अली की आवाज सुनाई नहीं दी। छत पर देखा तो अजमल इन्वर्टर के पास अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया।