कई बैंकों में पुलिस ने लाठियां फटकारकर उत्पात मचा रहे लोगों को रोका। पुलिस की लाठी लगने से एक सपा कार्यकर्ता घायल हो गया है। मंगलवार को दो घंटे में ही अधिकांश बैंकों में करेंसी खत्म हो गई। इससे लोग बेकाबू हो गए। यूनियन बैंक पर लोगों को काफी देर तक पुलिस से नोकझोंक हुई।
स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लोगों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। बड़े नोट बंद होने के आठ दिन बाद भी हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं।
हाल ः 12.00 बजे
संभल के आर्य समाज रोड पर सबसे अधिक बैंक हैं। ऐसे में लोग करेंसी एक्सचेंज कराने के लिए आर्य समाज रोड पर ही पहुंच रहे हैं। मंगलवार को दोपहर 12 बजे से पहले ही एचडीएफसी बैंक में करेंसी खत्म हो गई। काफी देर तक बैंक के बाहर हंगामा होता रहा। लोगों को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। बैंक के बाहर लाइन लगे जो लोग उत्पात मचा रहे थे। पुलिस ने उन्हें लाइन से निकालकर भगा दिया।
हाल ः 12.20 बजे
सरथल चौकी स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर दोपहर हालात बेकाबू से नजर आए। लोगों की भीड़ बैंक के अंदर जाने का प्रयास कर रही थी। बैंक के गेट पर खड़े पुलिस कर्मी लोगों को धक्का देकर बार-बार पीछे की ओर धकेल रही थी। इसी बीच कोतवाल सुरेंद्र सिंह यादव भी उधर से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा की कुछ लोग लाइन के बीच में घुस रहे थे। उन्होंने गाडी से उतरकर लोगों को फटकारते हुए लाइन को सही कराया। इसके बाद कुछ देर के लिए हालात सामान्य से नजर आए। इसके बाद फिर से बैंक के बाहर हंगामा होता रहा।
हाल ः 1.00 बजे
मुरादाबाद रोड स्थित यूनियन बैंक के बाहर करेंसी एक्सचेंज करने वाले लोगों की लाइन लगी थी। लोग बैंक के अंदर जाने के लिए आपाधापी कर रहे थे। लोगों को रोकने के लिए पुलिस को पूरी ताकत लगानी पड़ रही थी। इसके बाद भी लोग रुकने के लिए तैयार नहीं थे। उसी समय यूनियन बैंक में करेंसी खत्म हो गई। ऐसे में लोगों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। पुलिस की लाठी लगने से एक सपा कार्यकर्ता घायल हो गया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
हाल ः 1.30 बजे
आर्य समाज रोड स्थित स्टेट बैंक के बाहर लोगों की लाइन लगी हुई थी। बैंक के बाहर कुछ लोगों ने सुबह छह बजे से लाइन लगानी शुरू कर दी थी। दोपहर होते-होते लाइन काफी लंबी हो गई। ऐसे में बार-बार लाइन में लगे लोग धक्का मुक्की कर रहे थे। धक्का मुक्की करने वाले लोगों को रोकने के लिए पुलिस काफी परेशानी हुई। देर शाम तक बैंक के बाहर लोग लाइन में खड़े होकर करेंसी एक्सचेंज करने का नंबर आने के लिए इंतजार कर रहे थे।
हाल ः 2.00 बजे
प्रथमा बैंक की मुख्य शाखा में लोग करेंसी एक्सचेंज कराने के लिए पहुंच रहे थे लेकिन मंगलवार को भी नई करेंसी नहीं पहुंची थी। ऐसे में लोगों ने बैंक के अंदर ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया। काफी देर तक बैंक के अंदर हंगामा होता रहा। बाद में बैंक कर्मियों के समझाने के बाद लोग शांत हुए।