विकास खंड जुनावई के ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख के चार वर्षीय पौत्र की सोमवार की शाम को निर्माणाधीन भवन के शौचालय टैंक में डूबकर मौत हो गई। परिजनों को जानकारी तब हुई, जब बालक की चप्पल टैंक में उतराती हुई दिखी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गंगुर्रा गांव निवासी जुनावई ब्लाक के ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख रामेश्वर सिंह यादव का गांव में मकान बन रहा है। भवन परिसर में ही शौचालय के लिए टैंक बनवाया गया है, जो खुला है(
उसमें ऊपर तक पानी भर गया है। बताते हैंकि सोमवार की शाम करीब सात बजे रामेश्वर सिंह का बड़ा पौत्र प्रीतम सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह यादव गर्मी के कारण निर्माणाधीन मकान की छत पर चढ़ा तो उसे देखकर प्रीतम का छोटा चार वर्षीय भाई ध्रुव कुमार भी उसके पीछे चल दिया लेकिन इसकी जानकारी न तो प्रीतम को हुई और न ही किसी अन्य परिजन को। छत पर जाने के रास्ता शौचालय टैंक के निकट से था।
छत पर जाते समय शायद ध्रुव का पैर फिसल गया और शौचालय टैंक में भरे पानी में गिरकर डूब गया। उसकी चीख भी कोई सुन नहीं सका। परिजन वहीं से निकलते रहे लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया। देर रात तक जब ध्रुव कहीं दिखाई नहीं दिया, उसकी आवाज भी सुनाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। परिजन चिंतित हो उठे। तभी परिजनों की नजर शौचालय टैंक के पानी में उसकी चप्पल उतराई हुई।
पानी के अंदर देखा गया तो ध्रुव का शव था। हालांकि उसे दहगवां एवं बबराला ले जाकर चिकित्सकों को दिखाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने ध्रुव कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।