जुनावई (संभल)। दो वर्षीय मासूम खेलते समय पानी से भरे टब में गिर गया। जब परिजन मासूम के पास पहुंचे तो वह पानी में पड़ा हुआ था। आनन-फानन चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत होने की पुष्टि की। इसकी सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सोमवार की रात करीब 9 बजे कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव लहरा नगला श्याम का मजरा बसीटा में पप्पू यादव के दो वर्षीय बेटे भागीरथ की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मासूम अपने बड़े भाई और बहन के साथ खेल रहा था। माता-पिता पशुओं की देखभाल करने में लगे थे। इसी दौरान मासूम के बड़े भाई और बहन खेलने के लिए बाहर निकल गए और मासूम कमरे में बेड पर बैठा रह गया।
बेड से नीचे उतरते समय मासूम पानी से भरे टब में गिर गया। करीब 20 मिनट बाद जब मासूम की मां माला लौटी तो उसने पानी के टब में मासूम को पड़ा देखा। शोर मचाने पर मासूम का पिता आ गया। आनन-फानन गांव के निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता ने बताया कि दो बेटे व एक बेटी है। भागीरथ सबसे छोटा बेटा था। लापरवाही के चलते मासूम की जान चली गई। पीड़ित परिजनों ने किसी कार्रवाई के बिना ही मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।