नरौली के गांव सरथल में श्रीमद्भागवत कथा सुनाते कथा व्यास कपिल देव महाराज: स्रोत- आयोजक
चंदौसी(संभल)। कस्बा नरौली के गांव सरथल में चल रही श्रीमद्भागवत कथा को सुनने के लिए बृहस्पतिवार को श्री गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।वृंदावन से आए कथा वाचक कपिल देव महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का अद्भुत वर्णन सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं भजन मंडली द्वारा गाए गए मधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
कथा वाचक ने बताया कि जीवन में जब तक मन, वचन और कर्म से भक्ति नहीं होगी, तब तक भगवान की कृपा का अनुभव नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने माखन चोरी, कालिया मर्दन और चीर हरण जैसी लीलाओं के माध्यम से भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया है। कथा के पश्चात श्री गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों ने पुष्प, दीप और भोग अर्पित कर श्री गोवर्धन महाराज की आराधना की।
इस दौरान पूरा परिसर जय श्री गोवर्धन महाराज के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए आनंदपूर्वक नृत्य किया। कार्यक्रम के समापन पर आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर भविष्य शर्मा, मोनू राघव, सुमित कुमार, भीम राघव, सूरत राघव, मोहित राघव, अनमोल प्रजापति, विनीत प्रजापति, पुष्पेंद्र राघव, जयपाल कश्यप, शिवम शर्मा, प्रियांशु राघव सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।