गुन्नौर (संभल)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय में धार्मिक स्थल में स्थापित पांच देव प्रतिमाओं को अराजक तत्वों ने रात के समय खंडित कर दिया। सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं में मूर्ति खंडित देख रोष व्याप्त हो गया। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई और हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तार की मांग कर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर धरना समाप्त कराया तथा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्र विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव भी मंदिर पहुंचे तथा लोगों से जानकारी ली।
कस्बे के मोहल्ला सराय में बिजली घर के पास चामुंडा मंदिर है। सोमवार की सुबह पांच बजे रोज की तरह स्थानीय लोग मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे तो मंदिर के मैन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो मंदिर में स्थापित पांच देव प्रतिमाएं खंडित थीं। घटना की जानकारी होने पर लोगों में रोष व्याप्त हो गया और लोग मंदिर पर जमा होने शुरू हो गए। वहां महिलाएं व पुरुष धरने पर बैठ गए। अराजक तत्वों का पता लगाकर गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
सूचना पर थाना गुन्नौर और जुनावई की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर धरना स्थगित कराया। साथ ही आरोपियों का पता लगाकर जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कुमोद वार्ष्णेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत भी कर लिया। इस दौरान नीरज कुमार, गोविंद वार्ष्णेय, प्रवीन वार्ष्णेय, वंश, अमित कुमार, अरविंद कुमार, ब्रजेश कुमार, योगेश कुमार, सुरजीत कुमार, भोला, सुबोध वार्ष्णेय आदि रहे।
विधायक ने ली जानकारी
गुन्नौर विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव भी मंदिर में प्रतिमा खंडित करने की सूचना पर पहुंचे। घटनास्थल को देखा तथा वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। कहा कि जिसकी भी शरारत है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस से बात करने की जानकारी दी।
गुन्नौर के मंदिर में देव प्रतिमाएं खंडित करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। धरना दे रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। आरोपियों का पता लगाकर जल्द कार्रवाई की जाएगी। संभावना है कि चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे चोरों ने ही वारदात को अंजाम दिया होगा।
चक्रेश मिश्र, एसपी, संभल