चंदौसी के मोहल्ला लोधियान स्थित शेल्टर होम में बेड पर पड़े फटे गद्दे। संवाद
चंदौसी (संभल)। सर्दी के मौसम में मोहल्ला लोधियान में बने पालिका के 69 बेड के शेल्टर होम में अव्यवस्थाएं हावी हैं और रेलवे स्टेशन के बाहर मालगोदाम रोड पर रैन बसेरे में ताला लटका हुआ है। ऐसे में गरीबों को सर्दी से बचाव के सभी इंतजाम कागजों में नजर आ रहे हैं, लेकिन हकीकत एकदम उलट है।
मोहल्ला लोधियान स्थित 69 बेड के शेल्टर होम में बाहरी व गरीब लोगों को ठहरने के लिए व्यवस्था की है। ये शेल्टर होम हमेशा ऐसे लोगों के लिए संचालित रहता है। आलम ये है कि यहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। दो मंजिला शेल्टर होम में पुरुषों के लिए ग्राउंड फ्लोर और महिलाओं के लिए दूसरी मंजिल पर बने कमरों में ठहरने की व्यवस्था है। महिला रूम के बराबर फेमिली रूम भी है।
आलम ये है कि पुरुषों के कमरों में पड़े बेड पर गंदी चादर बिछी हुई है। वहीं महिला रूम में सभी बेड पर चादर तक नहीं बिछी है। गद्दे भी फटे हुए हैं। शौचालय गंदे पड़े हैं और बाथरूम में लगी तीन वॉशवेसिन में से दो की टोटियां गायब हैं।
खास तौर पर यहां इक्का दुक्का लोग कभी कभार स्टे करते हैं। अधिकांश दिनों यहां डोर टू डोर कर्मचारी ही ठहरते हैं। शेल्टर होम की देखभाल कर रहे हुकुम सिंह ने बताया कि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
रैन बसेरा में लटका ताला, भटकते हैं यात्री
रेलवे स्टेशन के बाहर मालगोदाम रोड पर नगर पालिका का रैन बसेरा है। जिससे रात के समय दूर दराज से आने वाले यात्री यहां ठहर सकें। अधिकांश समय ये रैन बसेरा बंद ही रहता है। इन दिनों रैन बसेरा पर ताला लटका है, जिससे यात्री रात के समय भटकते रहते हैं, या फिर उन्हें किराये पर होटल में ठहरना पड़ता है।
वर्जन-
रैन बसेरा और शेल्टर होम का कुछ दिन पहले निरीक्षण कर लिया गया। संबंधित को दोनों जगह व्यवस्थाएं जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अलाव का इंतजाम करने को कहा गया है। जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी। -धर्मराज राम, ईओ चंदौसी