चंदौसी(संभल)। नोएडा से आई केंद्रीय जीएसटी टीम ने चार मेंथा व्यापारियों की फर्म पर छापा मारा। केंद्र से रिटर्न होने वाली 12 फीसदी जीएसटी में गड़बड़ी पकड़ी है। टीम जांच कर वापस लौट गई। टीम की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। यह कार्रवाई सोमवार की देर शाम की गई। इस दौरान व्यापारी एक दूसरे से फोन कर टीम की बारे में जानकारी लेते रहे।
सीजीएसटी की टीम ने स्थानीय स्तर पर किसी भी तरह की जानकारी देने से इंकार कर दिया। जांच रिपोर्ट अपने साथ ले गई तथा वहीं से कार्रवाई करने की बात बताई जा रही है।
केंद्रीय जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर ने टीम के साथ चंदौसी के मोहल्ला पीर, मुंसिफ रोड, स्टेशन रोड, अक्रूरजीपुरम स्थित चार व्यापारियों की फर्मों में छापा मारा। टीम ने पिछले एक साल में खरीदे गए कुल मेंथा तेल का रिकार्ड कब्जे में ले लिया। इसके बाद केंद्र द्वारा वापस की गई सीजीएसटी से मिलान किया।
टीम से जुड़े एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि व्यापार पर केंद्र द्वारा 12 फीसदी जीएसटी वापस होता है। यह जीएसटी प्रथम विक्रेता यानी उत्पादक के द्वारा जमा कराई जाती है, उसे केंद्र की ओर से वापस किया जाता है। जांच में सामने आया कि फर्म मालिक ने किसान व अन्य लोगों से मेंथा ऑयल खरीदा था, उन्हें जीएसटी रिटर्न के नाम पर तीन फीसदी वापस किया गया, जबकि केंद्र सरकार ने व्यापारियों को 12 फीसदी सीजीएसटी वापस की थी। जांच में चार मेंथा फर्म के द्वारा नौ फीसदी सीजीएसटी की गड़बड़ी करने का मामला सामने आया है। जांच के बाद टीम वापस चली गई। स्थानीय स्तर पर कोई जानकारी नहीं दी है।