हयातनगर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में रविवार की रात को जलती डिबिया किसान के घर में आग लग गई। कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के समय किसान व उसके परिवार के लोग मकान की छत पर सो रहे थे।
रात्रि करीब साढ़े तीन बजे मकान की छत गर्म होने पर परिवार वालों की आंख खुली तो घटना की जानकारी हुई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर घंटाभर की कोशिशों के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। मुजफ्फरपुर गांव निवासी मोहम्मद सराफत अपनी पत्नी आसमा व बेटे सुहेल के साथ मकान की छत पर सो रहे थे।
जबकि उनका बड़ा बेटा सखावत कमरे में था। सखावत ने जलती डिबिया कमरे में छोड़ दी तथा उसका कुंडा लगाकर घर के बाहर आंगन में सो गया। जलती डिबिया से कमरे में आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग सारे कमरे में फैल गई।
आग लगने से किसान की अलमारी में रखे तीन लाख तीस हजार रुपये, अलमारी में रखे सखावत की पत्नी पांच तोले सोना, 20 तोले चांदी व घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा सखावत के निकाह का फर्नीचर व अन्य सामान भी जल गया।
मकान की छत गर्म होने पर ऊपर सो रहे परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई। वह नीचे उतरे तथा कमरे से धुआं निकलने पर शोर मचा दिया। शोर शराबा होने पर अन्य ग्रामीण भी जा गए। कमरे का दरवाजा खोलकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग को बेकाबू देख दमकल को सूचना दी गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल आग पर काबू पाया।
मुजफ्फरपुर गांव निवासी मोहम्मद सराफत ने 15 दिन पहले अपनी जमीन बेची थी। उस जमीन के दो दिन पहले तीन लाख तीस हजार रुपये मोहम्मद सराफत ने अपने घर लाकर रखे थे। आग से अलमारी के लॉकर में रखे तीन लाख तीस हजार रुपये जलकर राख हो गए। मोहम्मद सराफत ने बताया कि घर में आग लगने से करीब आठ लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया है। उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।