बहजोई। फरसे से वार कर गांव बहरौली ताहरपुर निवासी ग्रामीण पप्पू को घायल करने के आरोप में पुलिस ने गांव के ही आरोपी पोशाकी समेत नरेंद्र, रिंकू व मनोहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घायल ग्रामीण पप्पू की पत्नी नेमवती ने पुलिस को तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि शनिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव के कुछ लोग दबंगई दिखाते हुए घर में घुस आए और उसके पति पप्पू के साथ मारपीट करने लगे। बेटे ब्रजेश व राकेश ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने दोनों बेटों के साथ भी मारपीट की।
एक आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके पति के सिर पर फरसे से वार कर दिया। इससे उसके पति का सिर फट गया। इस बीच, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक के मुताबिक, महिला नेमवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।