सौंधन। बिजली करंट से हुई मजदूर की मौत के मामले में गवां बिजलीघर के दो संविदा लाइनमैनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। यह कार्रवाई मजदूर के पिता की तहरीर के आधार पर हुई। पुलिस ने शनिवार की देर रात शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शनिवार की शाम कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में एक किसान के निजी नलकूप पर गांव निवासी रिंकू (20) पुत्र प्रेमपाल, दानवीर पुत्र सरदार, रामकेश पुत्र रामकुंवर, रामदयाल पुत्र हरिओम खंभे लगा रहे थे और लाइन डाल रहे थे। इसी दौरान लाइन में बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई। इसमें सभी मजदूर झुलस गए। इस दौरान रिंकू की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। जिनका उपचार चल रहा है।
रिंकू के पिता प्रेमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनका बेटा गांव निवासी तीन अन्य मजदूरों के साथ मजदूरी करने के लिए गया था। गवां बिजली घर के दो लाइनमैनों ने शटडाउन लिया था और उन्होंने काम करते समय ही शटडाउन वापस ले लिया था। जिससे हादसा हुआ। तहरीर के आधार पर रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव निरयावली निवासी रामकरन और गांव सिरसा निवासी हंसराज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं गवां बिजलीघर के अवर अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि दोनों लाइनमैन संविदा कर्मचारी हैं। आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।