थाना क्षेत्र के दबथरा हिमंचल गांव में 10 मार्च को भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंप कर हत्या कर दी गई थी। मामले में भाजपा नेता के पुत्र दिव्य प्रकाश यादव ने ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव सहित चार नामजद एवं दो अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 25 मार्च को ब्लॉक प्रमुख रवि यादव, महेश यादव, विकास यादव सहित छह लोगों को जेल भेज दिया।
ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव सहित अन्य के जेल जाने के बाद अब इनकी खिलाफत में कई लोग सामने आ गए हैं। इसी के चलते कस्बे के रहने वाले दिलीप कुमार पुत्र रामलाल सिंह ने ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव, महेश यादव, जयकुमार, धर्मवीर उर्फ धम्मा, नेमपाल, सोमदत्त सहित सात लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें बताया कि 8 मार्च को भूमि कब्जाने को लेकर सभी आरोपियों ने आकर गाली गलौज एवं मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देते हुए जाति सूचक शब्द प्रयोग किया। थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जबकि बीते दिन शाम को कस्बे के ही रहने वाले लालाराम ने ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव सहित नौ नामजद तथा दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें बताया कि सात मार्च को पीड़ित अपने दादा सोहन लाल के साथ भूसा निकालने गया था। तभी मौके पर पहुंचे लोगों ने भूमि कब्जाने को लेकर गाली गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने तथा जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया था।
इस मामले में थाना पुलिस के द्वारा ब्लाक प्रमुख रवि यादव, महेश यादव, जय कुमार यादव उर्फ पप्पन, राजेश यादव, जग्गा,मलूआ, धर्मवीर उर्फ धम्मा, मुकेश कुमार, नेमपाल के अलावा दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। गौरतलब है कि दोनों दलितों के द्वारा कराए गए नामजद मुकदमों के आरोपी ब्लॉक प्रमुख रवि यादव, महेश यादव, मुकेश यादव सहित तीनों लोग भाजपा नेता की हत्या में जेल में बंद हैं।
- कस्बे रहने वाले दिलीप कुमार और लालाराम सहित दो लोगों ने भूमि कब्जाने के मामले में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। जिसमें ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव सहित नए एवं पुराने आरोपी हैं। दोनों मुकदमों में जांच चल रही है। जांच उपरांत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-दीपक तिवारी, सीओ गुन्नौर