बहजोई(संभल)। चार लाख रुपये दहेज की मांग के लिए पत्नी को घर से निकालने के आरोप में पुलिस ने जिला मेरठ के थाना कंकरखेड़ा के मोहल्ला टीकाराम काॅलोनी निवासी आरोपी कांस्टेबल अमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महिला के मुताबिक आरोपी कांस्टेबल की वर्तमान में तैनाती थाना चंदौसी में है।
एसपी को तहरीर देकर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जिला मेरठ के कंकरखेड़ा के मोहल्ला टीकाराम काॅलोनी निवासी महिला रिंकी का कहना है कि 28 नवंबर 2023 को उसकी शादी मोहल्ला टीकाराम काॅलोनी निवासी तथा वर्तमान में थाना चंदौसी में तैनात पुलिस कांस्टेबल अमित कुमार से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति समेत ससुर, सास व ननद दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। असमर्थता जताने पर गाली-गलौज व मारपीट की। इसके बाद उसके मायके वालों ने तीन लाख रुपये ससुराल वालों को दे दिए। इसके बाद कुछ दिन तक सब कुछ ठीक रहा। बाद में ससुराल वाले फिर उससे दहेज की मांग करने लगे।
17 जून 2024 को ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। बाद में 20 अक्तूबर 2024 को वह व मायके वाले समझाने को उसकी ससुराल आए, तो ससुराल वालों ने दरवाजा नहीं खोला और गाली-गलौज की। वहीं, तहरीर में महिला ने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका पति उसे बिना तलाक दिए किसी और महिला से शादी करने की फिराक में है।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी पति अमित कुमार समेत ससुर रामनाथ, सास गीता देवी व ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।