थाना बनियाठेर पुलिस ने फर्जी बीमा पॉलिसी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य बिलारी निवासी आराम सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरोह सुनियोजित तरीके से गरीब लोगों को माध्यम बनाते हुए फर्जी बीमा पॉलिसी करके विभिन्न सरकारी व निजी जीवन बीमा इत्यादि को आर्थिक हानि पहुंचाते हैं और बीमा का सारा पैसा हड़प लेते हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार मुरादाबाद जिले के बिलारी के अलापुर उर्फ रामपुर थाना क्षेत्र निवासी आराम सिंह के खिलाफ थाना बनियाठेर और कुढ़फतेहगढ़ में दो मुकदमे दर्ज हैं। थाना बनियाठेर में मुकदमा बलवीर पुत्र वीर सिंह निवासी बनियाठेर ने दर्ज कराया था। जिसमें बताया कि उसकी भाभी सुगरवती पत्नी सतवीर की मृत्यु पांच नवंबर 2020 में काला पीलिया बीमारी के कारण हुई थी। मृत्यु के बाद 12 जनवरी 2021 को आराम सिंह ने एक निजी बीमा कंपनी से सुगरवती के नाम से बीमा कराया और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बिलारी ब्लॉक से बनवाया गया। जिसमें सुगरवती की मृत्यु 31 मार्च 2021 दर्शाई गई थी।
बाद में धोखाधड़ी से जिला सहकारी बैंक बिलारी मुरादाबाद में अकाउंट खुलवा दिया और चेक बुक प्राप्त कर धोखे से नॉमिनी खाताधारक सत्यवीर से खाली चेकों पर हस्ताक्षर करा लिए थे और बीमा की छह लाख से अधिक की रकम तीन बार में खाते से निकाल कर हड़प ली गई।
वहीं थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव गुरगांव निवासी मीरावती ने तहरीर देकर आराम सिंह आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कहा गया कि उनके पति सुदामा की मृत्यु वर्ष 2020 में बीमारी के कारण हुई थी। जब उसके पति बीमार थे तो उस समय आराम सिंह, ओंकारेश्वर मिश्रा उनके घर पर आए थे और धोखाधड़ी करके सरकारी स्कीम में सहायता के बहाने से उनका बीमा कराकर पूरी बीमा की राशि हड़प कर ली।
गरीब परिवार के लोगों को बनाते हैं निशाना
पुलिस के अनुसार यह लोग निरंतर रूप से ऐसे लोगों की तलाश में रहते है जो कि बीमारी की वजह से मरणासन्न स्थिति में होते हैं। ऐसे व्यक्तियों के परिवार वालो से बात कर मरणासन्न व्यक्तियों को स्वस्थ दिखाते हुए फर्जी तरीके से इनकी जीवन बीमा पॉलिसी करवाई जाती है। क्योंकि यह लोग अक्सर गरीब होते है इनका प्रीमियम इन लोगों के द्वारा ही भरा जाता है। इन लोगों को ज्यादा प्रीमियम नहीं भरना पड़ता क्योंकि बीमार लोगों की मौत हो जाती है और मरने के बाद ये सभी क्लेम का पैसा बांट लेते हैं। जो व्यक्ति मर गए हैं। उनकी भी बैक डेट में फर्जी तरीके से पॉलिसी कराकर उनका जो बीमा क्लेम का रुपया मिलता है, उसे भी आपस में बांट लेते हैं
वर्जन
- बनियाठेर पुलिस ने फर्जी बीमा पॉलिसी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का वांछित सदस्य आराम सिंह को गिरफ्तार किया है। जिस पर थाना बनियाठेर और कुढ़फतेहगढ़ में फर्जी बीमा पॉलिसी के दो मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। -
अनुकृति शर्मा, एएसपी दक्षिणी, संभल।