जोया (अमरोहा)। हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जोया कस्बे के पास हाईवे पर हुआ। बरेली के सिविल लाइंस निवासी माधव विराज कार से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। कार में आग लगने से हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि कार में एक व्यक्ति सवार था। वह समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना सामने आया है। मामले की जांच कर रही है।