गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां-अनूपशहर बाईपास पर केसरपुर तिराहे के नजदीक बाइक सवारों को बेकाबू कार ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें गांव भीकमपुर जैनी निवासी प्रवेश 22 पुत्र धर्मपाल की मौत हो गई। जबकि मृतक के साथी इसी गांव के निवासी एवरन पुत्र मनवीर, सूरज पुत्र भल्लू और 12 वर्षीय बिजेंद्र घायल हुए हैं। यह हादसा सोमवार की शाम छह बजे करीब हुआ है।
बाइक सवार किसी काम से कहीं जा रहे थे। यह जानकारी परिजनों को भी नहीं है कि वह कहां जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक गवां-अनूपशहर मार्ग पर गांव केसरपुर तिराहे के नजदीक पहुंची तो अनूपशहर की ओर से आई कार ने टक्कर मार दी। इसमें प्रवेश की मौत हो गई। बाइक सवार लोग बिना हेलमेट के थे। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रोरो कर बुरा हाल हो गया।
मृतक प्रवेश की पत्नी वीरवती पति का शव देखकर बेहोश हो गई। प्रवेश खेती किसानी कर परिवार की गुजर कर रहा था। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिये हायर सेंटर भेजा है। कार को कब्जे में लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।