बबराला। हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के बाद में पानी निकलने पर ग्राहकों ने हंगामा किया। पेट्रोल पंप स्वामी से बात करने बाद आश्वासन मिलने के बाद सभी ग्राहक अपने-अपने घर चले गए। गुन्नौर थाना क्षेत्र के नगर बबराला के आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिला होने की शिकायत मिली। नगर बबराला निवासी हर्ष ने बताया कि वह सोमवार की सुबह को पेट्रोल पंप पर प्लास्टिक की केन में लगभग पांच लीटर पेट्रोल लेने आया था।
पेट्रोल पूरी भरवाने के बाद में लगभग एक चौथाई पानी दिखाई दिया। जब उसने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों से पेट्रोल में पानी मिला होने की बात कही, तो वह जवाब देने से कतराने लगे। इसके बाद बाइक सवार रोहित कुमार ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर डेढ़ सौ रुपये का पेट्रोल डलवाने गया था पेट्रोल डलवाने के बाद करीब एक किलोमीटर की दूरी तक की पहुंच पाया था कि उसकी बाइक बंद हो गई। जिसके बाद उसने बाइक को स्टार्ट करने की बहुत कोशिश की। पर उसकी बाइक स्टार्ट नहीं हुई।
जब उसने पेट्रोल चेक किया, तो उसमें पानी मिला होने के चलते उसकी बाइक में भी कमी आ गई। इसके बाद वह लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो वहां कई सारे ग्राहक एकत्रित हो गए और पेट्रोल में पानी मिला होने की बात को लेकर हंगामा करने लगे। काफी देर तक हंगामा चलने के बाद में पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप के स्वामी से बातचीत करने के बाद सभी ग्राहकों को आश्वासन दिया। इसके बाद वह लोग अपने-अपने घर चले गए।