संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव रजापुर के निकट बृहस्पतिवार की शाम अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे सुभाष (30) निवासी खोजापुर की मौत हो गई। जबकि अजय कुमार निवासी बाघऊ कोतवाली गुन्नौर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुभाष और अजय दिल्ली के लक्ष्मीनगर में रहकर गोलगप्पे का काम करते हैं। बृहस्पतिवार की देर शाम दोनों लोग दिल्ली से अपने घर जा रहे थे। सुभाष अपनी गाड़ी से अजय को छोड़ने उनके गांव बाघऊ जाने लगे। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव रजापुर के निकट पहुंचे तो कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इससे सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अजय कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया।