संभल। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की निशुल्क शिक्षा के लिए सरकार ने मंडल स्तर पर अटल आवासीय विद्यालय खोले हैं। इनमें प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। कक्षा छह और कक्षा नौ में प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 17 फरवरी तक आवेदन मांगे गए हैं। वहीं, तीन मार्च को प्रवेश के लिए परीक्षा कराई जाएगी।
दरअसल, निर्माण श्रमिक के रूप में काम करने मजदूरों के बच्चे कई बार आर्थिक स्थिति एवं अन्य कारणों की वजह से अपनी पढ़ाई को पूरा नहीं कर पाते हैं। ऐसे बच्चों के शिक्षा के आधार को बचाने के लिए सरकार ने अटल आवासीय विद्यालय योजना की शुरुआत की है। श्रम विभाग में कम से कम तीन साल का पंजीकरण पूरा कर चुके श्रमिकों के बच्चे इन स्कूलों में भाग ले सकेंगे। प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चे ही इसका लाभ ले सकते हैं। वहीं, कोविड के दौरान अनाथ हुए ऐसे बच्चे जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकरण हो वह भी इसका लाभ उठा सकते हैं। सहायक श्रमायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है और 17 फरवरी तक आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन का प्रारूप कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदक की आयु एक मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए, जबकि कक्षा नौ में प्रवेश के लिए जन्मतिथि एक मई 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए।
अटल आवासीय विद्यालय में सरकार सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के जरिए बच्चों को शिक्षित करेगी। आवास, वस्त्र, भोजन, स्कूल यूनिफॉर्म एवं किताबों आदि का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आवेदन के समय पंजीकरण कार्ड की छायाप्रति, आधार कार्ड, फोटो, जन्म प्रमाण पत्र तथा कक्षा पांच अथवा आठ की अंकतालिका की छाया प्रति लगानी होगी।
मंडल स्तर पर पीपली बिलारी में खोले गए अटल आवासीय विद्यालय के लिए प्रवेश 17 फरवरी तक आवेदन मांगे गए हैं। कक्षा छह एवं नौ में 140-140 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। इसमें 50 फीसदी बालिकाएं को प्रवेश मिलेगा तो 50 फीसदी बालकों को प्रवेश दिया जाएगा। -सुरेंद्र सिंह, सहायक श्रमायुक्त, संभल