चंदौसी। शहर के आसपास विनयमित क्षेत्र से बिना नक्शा पास कराए बन रही काॅलोनियों पर प्रशासन की कार्रवाई शुरू हो गई है। मंगलवार की शाम एसडीएम विनय मिश्रा की मौजूदगी में बहजोई रोड पर अवैध रूप से बन रही काॅलोनियों में प्रशासन का बुलडोजर चला। जेसीबी से नाली व सड़क निर्माण ध्वस्त किया गया।
मंगलवार की शाम एसडीएम विनय मिश्रा अपनी टीम ओर जेसीबी के साथ मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर स्थित टी प्वाइंट के पास पहुंचे। यहां एक काॅलोनी में एसडीएम के पहुंचते ही प्लाॅटिंग पर प्राॅपर्टी डीलिंग कार्य देख रहे लोग वहां से भाग गए। इस दौरान एक व्यक्ति को पकड़ कर जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम ने काॅलोनी में बनाई गई सडक व नाली को जेसीबी से ध्वस्त कराया। काॅलोनी में बने दो मकान के स्वामियों से नक्शा पास होने के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद विनियमित क्षेत्र के जेई को फटकार लगाई और मकान स्वामी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि करीब 60 से 70 काॅलोनी ऐसी दिखाई दे रही हैं। जो अवैध रूप से बनाई गई है। उनसे स्टीमेट बना कर ध्वस्तीकरण में हो रहे खर्चे को वसूल किया जाएगा। मानकों को ताक पर रखकर काॅलोनी बनाई जा रही हैं। काॅलोनी में 30 से 35 मीटर चौड़ी सड़क डाले जाने का प्रावधान है। यहां देखा जा रहा कि 12 से 13 मीटर चौड़ी सड़क डाली जा रही है। विनियमित क्षेत्र से नक्शा भी पास नहीं कराया जाता है। मकान बनाने वालों को बाद में परेशानी होगी। ऐसी सभी काॅलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लेखपाल सचिन मित्तल, जेई अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
-
एसडीएम ने शक्तिनगर में हो रहे कार्य किया निरीक्षण
शक्तिनगर में नाला निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने मंगलवार की दोपहर मौका मुआयना किया। नाला निर्माण के बाद सड़क चौड़ीकरण का जायजा लेते हुए अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। साथ ही यहां निजी स्कूल के सामने सड़क किनारे खड़े पेड़ के नीचे छोटे मंदिर को सही तरीके से बनाए जाने की बात कही।