संभल/चंदौसी/सरायतरीन। जनपद संभल में मंगलवार को बिजली केबिल में फाल्ट होने की वजह से बीएसएनएल के दो केबिलों में खराबी आ गई। जिससे संचार सेवाएं बाधित रहीं। इसका खामियाजा ईद-उल-फितर की बधाई देने वालों से लेकर सामान्य कामकाज करने वालों तक को उठाना पड़ा।
शायद ही कोई महत्वपूर्ण मौका ऐसा होता हो जब जरूरत के वक्त भारत संचार निगम लिमिटेड बीएसएनएल की संचार सेवाएं धोखा न देती हों।वहीं, बीएसएनएल बमोबाइल सेवाएं भी बंद हो गईं। यही नहीं एआरटीओ कार्यालय में कामकाज प्रभावित हुआ। जो लोग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने गए थे। उनके मोबाइल पर ओटीपी नंबर नहीं आ रहा था। इसके अलावा अधिकारियों का आपसी संपर्क भी टूट गया।
संपर्क टूटने की वजह से सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ। इस मामले में एक बार फिर लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने कहा कि हैरत तो इस बात की है कि हजारों लोगों की समस्या के बाद भी बीएसएनएल के अधिकारी चुप हैं। कहीं कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में आंदोलन के सिवा क्या रास्ता बचता है।
भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों से हकीकत समझने के लिए जब फोन पर संपर्क किया तो बड़े मुश्किल में मंडल अभियंता मुनेश कुमार से बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि संभल-हसनपुर मार्ग का निर्माण होना है।
इसके लिए पेड़ काटने और सड़क को चौड़ा करने का काम चल रहा है। इसी दौरान सैदनगली के पास मंगलवार को दोपहर बीएसएनएल की केबिल कट गई। दूसरा फाल्ट संभल-चंदौसी मार्ग पर जनेटा के निकट ट्रांसफार्मर का केबिल जलने से हुआ। इससे केबिल खराब हो गया। उन्होंने शाम साढ़े चार बजे बताया कि जनेटा में काम चल रहा है जबकि सैदनगली के पास काम के लिए कर्मचारी भेजे गए हैं। देर शाम तक संचार सेवाएं बहाल होने के आसार हैं।