संभल। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव भोजराजपुर निवासी जयपाल की पत्नी माया (24) की हत्या बच्चे न होने पर उसके जेठ, देवर और ननद ने घर में ही गोली मारकर की थी। हत्या के बाद विरोधियों को फंसाने के लिए शव जंगल के रास्ते में फेंक दिया था। हत्या का खुलासा कर पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शनिवार को एसपी ने महिला की हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि 16 जून को गांव भोजराजपुर निवासी माया पत्नी की जयपाल की गोली मारकर हत्या की थी। मृतका के जेठ छोटेलाल ने आरोप लगाया था कि 16 जून को वह जंगल में शौच करके घर लौट रहा था। रास्ते में उसे छोटे भाई जयपाल की पत्नी मिली तो दोनों बात करने लगे। इसी दौरान गांव निवासी हरेंद्र, छोटे, नर्सी, कुमरपाल और सतीश मौके पर पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट करने लगे। भाई की पत्नी माया ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हरेंद्र ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की तो यह हकीकत सामने आई कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद तो है लेकिन दूसरे पक्ष ने महिला की हत्या नहीं की है। शक होने पर पुलिस ने मृतका के जेठ, देवर और ननद से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि माया की शादी जयपाल से करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। लेकिन उसके पास कोई संतान नहीं थी। इसलिए माया की हत्या में विरोधियों को फंसाने देंगे और जयपाल की दूसरी शादी करा देंगे। 16 जून की सुबह जयपाल घर पर नहीं था। इसी दौरान तीनों ने घर में ही माया की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में शव जंगल के रास्ते में फेंक कर शोर मचा दिया। पुलिस को आरोपियों के घर से खून के छींटे भी मिले हैं। पुलिस ने महिला की हत्या में शामिल जेठ छोटेलाल, देवर सुनील और ननद उर्मिला को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
0000000000
कोट
महिला की हत्या संतान न होने पर उसके जेठ, देवर और ननद की थी। हत्या का आरोप विरोधी पक्ष पर लगाया गया। पुलिस की जांच पड़ताल में हकीकत सामने आ गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। -कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी, संभल