बबराला (संभल)। गुन्नौर बार एसोसिएशन के आह्वान पर शुक्रवार को भी अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार जारी रखा। साथ ही तहसीलदार पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। कहा कि तहसीलदार के स्थानांतरण तक बहिष्कार जारी रहेगा।
शुक्रवार को बार अध्यक्ष चिंताहरण सिंह ने कहा कि तहसीलदार का रवैया अधिवक्ताओं के प्रति गलत है। तहसीलदार ने बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव से दुर्व्यवहार किया। जबकि वह एक काश्तकार के खतौनी में त्रुटि संशोधन कराने के लिए पहुंचे थे। उनको अपमानित कर तहसीलदार ने चैंबर से बाहर निकाल दिया। कहा कि उच्च अधिकारियों को प्रकरण से अवगत कराया गया है। इसके बाद भी वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया है। बार अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं होने तक अधिवक्ता उनके न्यायालय का बहिष्कार जारी रखेंगे। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में होली खेली। एक दूसरे को गुलाल रंग लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान बार अध्यक्ष चिंताहरण यादव, अमरीश कुमार, अजय यादव, राजेंद्र यादव, भगत सिंह, राहुल सक्सेना, विद्वान सिंह, देव प्रकाश, कैलाश यादव, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।