संभल। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत जिले के 51432 विद्यार्थियों को जागरूक करने वाली खबर है। बोर्ड ने इस बार जहां कई नियमों में बदलाव किया है। वहीं, सख्त कदम भी उठाए हैं। इसी क्रम में अधिक नंबर पाने की उम्मीद में उत्तर पुस्तिका में रुपये रखने पर अब सख्त कार्रवाई होगी। यदि कॉपी में रुपये रखे मिले तो इसे नकल की श्रेणी में माना जाएगा। उत्तर-पुस्तिका को सील किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
संभल जिले में 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होगी, जो 17 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा के लिए जिले में 77 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 12 राजकीय, 35 सहायता प्राप्त और 30 वित्तविहीन शामिल हैं। परीक्षा में 51432 परीक्षार्थी शामिल होंगे। खास बात यह है कि उत्तर पुस्तिका में रुपये रखे मिलने पर इस बार कड़ी कार्रवाई होगी। इस कॉपी को सील किया जाएगा।
परिषद से जारी पत्र के क्रम में सभी केंद्र अध्यक्षोें को निर्देश दिए हैं। बताया है कि विद्यार्थियों को पहले ही सूचित कर दिया जाए कि यदि उत्तर पुस्तिका में रुपये मिलते हैं तो उसे नकल की श्रेणी में मानते हुए सील कर दिया जाएगा। बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए जिले में तीन जोनल, 77 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं, जो अलग-अलग केंद्रों की निगरानी करेंगे। साथ ही, केंद्रों पर 3335 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
00000
कॉपियों में बदलाव
.पहले कॉपियां हॉरिजेंटल (आड़ी) आकार में होती थीं, जिन्हें अब वर्टिकल (लंबवत) कर दिया गया है।
.उत्तर पुस्तिकाओं पर यूनिक नंबर और विशेष सुरक्षा चिह्न अंकित किए गए हैं।
.प्रत्येक पन्ने पर रोल नंबर और कॉपी संख्या लिखना अनिवार्य किया गया है।
.किसी भी प्रकार का नाम, संकेत या पहचान चिह्न लिखने पर रोक है।
000
बदलावों से नकल और गड़बड़ी की संभावनाएं कम होंगी। क्योंकि पिछले वर्षों में कुछ मामलों में विद्यार्थियों द्वारा उत्तर पुस्तिका में रुपये रखने की शिकायतें सामने आई थीं। सभी केंद्राध्यक्षों को इससे अवगत करा दिया गया है।
-सर्वेश कुमार, डीआईओएस, संभल