गुन्नौर । भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर शनिवार को एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें बताया गया कि अधिकांश किसानों की खतौनी में भूमि का अंश निर्धारण राजस्व विभाग द्वारा गलत कर दिया गया है।
कहा कि लेखपालों द्वारा भू माफिया से सांठगांठ कर किसानों का शोषण किया जा रहा है। साथ ही बिजली विभाग की लापरवाही के कारण किसानों के घरेलू बिल गलत आ रहे हैं। वहीं बिजली विभाग द्वारा शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति न मिलने से किसानों की फसलें सूख रही है। ज्ञापन में बताया गया कि तहसील क्षेत्र में किसानों की मक्का खरीद के लिए सरकार क्रय केंद्र उपलब्ध कराए जाए। ताकि किसानों को मक्का औने पौने दामों पर न बेचना पड़े और राजपुर ब्लॉक में हीरोनी बिजलीघर की क्षमता वृद्धि कराई जाए। जिससे किसानों को ओवरलोड की समस्या से न जूझना पड़े। बताया गया कि ज्ञापन में बताई गई समस्याओं का अगर समाधान नहीं होता है, तो संगठन नौ जून को धरना प्रदर्शन करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में अफसर अली, हेतराम कुशवाहा, जगदीश, अवधेश, नरेश कुमार, नेत्रपाल यादव, डॉ. दिनेश यादव, नीरज यादव, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह यादव, राजू यादव आदि शामिल रहे। संवाद