संभल। भाजपा के मंत्री द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी न केवल सेना, बल्कि पूरे मुल्क की बेटियों और राष्ट्र के सम्मान पर हमला है। भाजपा ऐसे मंत्री को मंत्री पद के साथ पार्टी से बर्खास्त करे। यह कहना है संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क का।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि सोफिया कुरैशी ने देश का नाम रोशन किया है और भाजपा के मंत्री ने शर्मनाक टिप्पणी कर अपमान किया है। सांसद बर्क ने आगे लिखा है कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन जब कोई देश की सेवा करता है, तो उसका सम्मान करना हम सबका फर्ज है। हमारे देश की सेना, जो हमेशा देश और देशवासियों के सम्मान एवं रक्षा के लिए खड़ी रहती है, हम सभी को उस पर गर्व है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और उनके परिवार पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जो बहुत शर्मनाक है। सांसद ने सरकार से मांग करते हुए लिखा है कि सरकार तत्काल कार्रवाई करे। और सुनिश्चित करे कि सरकार देश की सेना और बेटियों का अपमान नहीं होने देगी। सांसद ने आगे लिखा है कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लिया जाना और रिपोर्ट दर्ज कराना देश की एकता और न्याय की दिशा में एक सराहनीय कदम है।