चंदौसी (रामपुर)। बृहस्पतिवार को एक पैलेस में भाजपा की ओर से प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी एवं ब्रज क्षेत्र के महामंत्री हेमंत राजपूत ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास के मंत्र को लेकर आगे बढ़े हैं। भाजपा ने भारत की राजनीति की संस्कृति को बदल दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने बताया कि भारत की केंद्र सरकार को एससी-एसटी और ओबीसी समेत समाज के सभी वर्गों की चिंता की है। साथ ही महिलाओं पर आधारित विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज जनकल्याण योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग का विकास किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों को मिल रहा है। अध्यक्षता डॉ. एनके अग्रवाल और संचालन संयोजक सुधीर मल्होत्रा एवं मनोज दिवाकर ने किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू, भाजपा नेता परमेश्वर लाल सैनी, जिला संयोजक योगेंद्र त्यागी, चंद्रपाल सिंह, मंजू दिलेर, साध्वी गीता प्रधान, मनोज कठैरिया, अंकित जैन, अंकुर अग्रवाल, डॉ. टीएस पाल आदि रहे।