संभल। शाम के समय फर्जी मतदान का आरोप लगाकर संभल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंघल ने बाल विद्या मंदिर स्कूल पोलिंग बूथ पर धरना दिया। करीब पंद्रह मिनट तक वह धरने पर बैठे रहे। पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी को आश्वस्त किया। बाद में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे। किसी भी दशा में फर्जी मतदान न होने देने का भाजपा प्रत्याशी को भरोसा दिया, जिस पर मामला शांत हुआ।
यह मामला निपटा ही था कि दूसरी ओर सरथल चौकी स्थित सनातन पब्लिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर हंगामा खड़ा हो गया। यहां आईडी की फोटो स्टेट दिखाकर कुछ महिलाएं वोट डालने पहुंचीं थीं। मतदान कर्मियों ने फोटो स्टेट को मान्य नहीं किया। जिस पर हंगामा बढ़ गया। मौके पर उप जिलाधिकारी रमेश बाबू और पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार पहुंचे। आधार कार्ड की मूल प्रति दिखाकर वोट डलवाने को कहा। इस पर महिलाएं लौट गईं। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंघल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया। इसी बीच मतदान का समय भी पूरा हो गया। जिसके बाद पोलिंग पार्टी रवाना हो गईं।
बाल विद्या मंदिर स्कूल में फर्जी मतदान होने की सूचना पर पहुंचा था। फर्जी मतदान चल रहा था। जिसके विरोध में धरना दिया गया। प्रशासन के अधिकारियों ने भरोसा दिया। मैंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
राजेश सिंघल, संभल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी