बहजोई (संभल)। इस्लामनगर-बहजोई रोड पर गांव मऊ-कठैर के पास मंगलवार की शाम चार बजे तेज रफ्तार बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर के गांव चंदोई निवासी बाइक सवार कासुद्दीन (18) की मौत हो गई। जबकि उसका साथी साकिब और गांव मऊ-कठैर निवासी साइकिल सवार कल्लू घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से रेफर कर दिया।
बदायूं जनपद के थाना इस्लामनगर के गांव चंदोई निवासी बाइक सवार कासुद्दीन मंगलवार को अपने दोस्त साकिब के साथ किसी काम से बहजोई आया था। इस्लामनगर-बहजोई रोड पर गांव मऊ-कठैर के पास उनकी बाइक गांव मऊ-कठैर निवासी कल्लू की साइकिल से टकरा गई। हादसे में कासुद्दीन, उसका दोस्त साकिब और साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीर एकत्र हो गए और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डाॅक्टरों ने कासुद्दीन का मृत घोषित कर दिया। जबकि साकिब और कल्लू को गंभीर हालत में रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई नईम ने बताया कि कासुद्दीन मजदूरी करता था। बताया कि मंगलवार को बहजोई जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन करीब 4:30 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बहन की शादी की खुशिया गम में बदलीमृतक के बड़े भाई नईम ने बताया कि बीते दिनों उसकी बहन की शादी तय हुई थी। एक माह बाद शादी होनी थी। परिवार के सभी लोग शादी की तैयारियों में जुटे हैं। बहन की शादी की सबसे ज्यादा खुशी कासुद्दीन को थी। लेकिन मंगलवार को हादसे में उसकी मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे परिवार गमजदा है। भाई की मौत की सूचना मिलने पर बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।