चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मौलागढ़ की पुलिया के पास बैंक से पैदल लौट रहे घड़ी मैकेनिक के पैरों में बाइक घुसा दी। तभी बाइक पर पीछे बैठे एक उचक्के ने मैकेनिक की पेंट की जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मंडी रेलवे फाटक की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर घड़ी मैकेनिक के होश उड़ गए और उसने बाइक सवार उचक्कों की तलाश आसपास की। मगर उनका कोई सुराग नहीं हुआ। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए मगर आरोपी उसमें भी नजर नहीं आए। फिलहाल पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में नहीं दी है।
गोशाला रोड स्थित गांव मिलक निवासी बनवारी लाल की मौलागढ़ की पुलिया के पास घड़ी मैकेनिक की दुकान है। सोमवार की दोपहर को वह बहजोई रोड स्थित गांव गुमथल शाखा की प्रथमा बैंक पर पहुंचे और अपने एकाउंट से तीस हजार रुपये की नकदी। बैंक कर्मचारियों ने उन्हें दस-दस के नोट की पांच गड्डी, 200 रुपये की एक गड्डी व पांच-पांच सौ दस नोट दिए। बनवारी लाल ने 25 हजार रुपये की नकदी अपनी पेंट की बाई जेब में रख ली तथा दस-दस की पांच गड्डी थैले में रखकर अपनी बगल में दबा ली और बैंक से रुपये निकालने के बाद दोपहर करीब 12.45 बजे बाहर निकले और पैदल-पैदल अपनी दुकान की ओर चल दिए। बहजोई रोड स्थित मौलागढ़ की पुलिया पर फल के ठेले के पास पहुंचा तो सामने हेलमेट लगे दो युवकों ने अपनी बाइक आगे से बनवारी लाल के पैरों में अड़ा दी।
इसी दौरान पीछे बैठा युवक बाइक से उतरा और घड़ी मैकेनिक को संभालने के दौरान उसकी पेंट की बाई जेब से 25 हजार रुपये की नकदी निकाल और दोनों बाइक पर सवार होकर मंडी समिति रेलवे फाटक की ओर चले गए। जब बनवारी लाल ने अपनी पेट की जेब में हाथ डाला तो रुपये गायब थे। यह देख उसके पैरों के नीचे से जमीन गायब हो गई। उसने अपने परिचितों के साथ काफी जगह बाइक सवारों की खोजबीन की, मगर उनका कोई सुराग नहीं लगा। बनवारी लाल ने बताया कि बाइक सवार काले रंग के हेलमेट व पीछे बैठा युवक लाल रंग का हेलमेट लगाए था। फिलहाल घटना की जानकारी कोतवाली में नहीं दी गई है।