संभल। मुरादाबाद-आगरा राजमार्ग पर बहजोई-बबराला के बीच गांव ढकारी के निकट ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
शनिवार शाम साढ़े पांच बजे मुरादाबाद-आगरा राजमार्ग पर बहजोई-बबराला के बीच गांव ढकारी के निकट एक ट्रक ने बाइक सवार ओमवती पत्नी नेत्रपाल व उसके बेटे राम किशोर निवासी गांव मछखेड़ा कोतवाली बहजोई को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा घायल हो गए। आनन-फानन दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्साधिकारी ने महिला ओमवती (50) को मृत घोषित कर दिया। बेटे राम किशोर ने बताया कि शनिवार सुबह वह अपनी मां के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में पीपल वाला गया था। लौटते वक्त गांव ढकारी के निकट बहजोई की तरफ आते समय एक ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घायल मां ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।