संभल। सिरसी-बिलारी मार्ग पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायल मां-बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर घायलों को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मुरादाबाद जिले के थाना सोनकपुर क्षेत्र के गांव वरखेड़ा निवासी कल्लन का बीस वर्षीय पुत्र राहुल अपनी मां उर्मिला के साथ शुक्रवार को बिलारी जा रहा था। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग पर सिरसी में मोड़ पर सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने घायलों को संभल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद में राहुल की उपचार के दौरान मौत हो गई। राहुल के दादा विशंवर ने बताया कि राहुल का यूपी पुलिस में चयन हो गया था। वह इन दिनों अपने कागज बनवाने में लगा था। शुक्रवार को अपनी मां के साथ बिलारी तहसील से कुछ कागज बनवाने जा रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। हजरतनगर गढ़ी थाने के एसएसआई बृजपाल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अगली कार्रवाई की जाएगी।