क्षेत्र में नरौरा रोड पर काली मंदिर के पास बुधवार सुबह करीब आठ बजे घने कोहरे में तीन बाइक सवार दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बुलंदशहर जिले के नरौरा के मोहल्ला धर्मकर्म निवासी पंकज (33) की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त सोहल व मोमिन घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुलंदशहर जिले के नरौरा के मोहल्ला धर्मकर्म निवासी पंकज संभल के बबराला क्षेत्र के गांव नूरपुर स्थित सिलाई फैक्टरी में काम करता था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह बाइक से मोहल्ला कलकत्ती निवासी सोहल (21) व मोमिन (27) के साथ फैक्टरी में काम करने आ रहा था। तीनों दोस्त आगरा-मुरादाबाद के नरौरा रोड स्थित काली मंदिर के पास पहुंचे तो घने कोहरे में सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। जिससे मौके पर ही पंकज की मौत हो गई, जबकि सोहेल व मोमिन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर आई एंबुलेंस दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां से दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।