चंदौसी। थाना कुढफतेहगढ़ के कोकावास पुल के पास बृहस्पतिवार की दोपहर ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार बहन-भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सीएचसी लाए। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद से चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग निकला।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बाबेपुर के रहने वाले राजेश कुमार की पुत्री प्रतिज्ञा चंदौसी के बदायूं रोड स्थित पथरा मोड़ के निकट रोटरी इंस्टीट्यूट से बीबीए की छात्रा है। जबकि छोटा भाई प्रशांत मुरादाबाद रोड स्थित राजेश कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। दोनों भाई बहन रोजाना की तरह बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे करीब छुट्टी होने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह चंदौसी-कुढ़फतेहगढ़ मार्ग स्थित कोकावास पुल के निकट पहुंचे ही थे। उसी समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली बाइक में टक्कर मार कर चली गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी लेकर आ गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।