धनारी। पाठकपुर नाधा रोड पर बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस की मदद से बहजोई भेज दिया। रेफर करने के बाद मुरादाबाद ले जाते समय सत्यपाल की मौत हो गई।
कैला देवी थाना क्षेत्र गांव चंदनकटी निवासी नेत्रपाल (18) अपने साथी सत्यपाल (35) बृहस्पतिवार को बाइक से अपनी रिश्तेदारी में सुल्तानगढ़ गए थे। शाम 8 बजे के करीब वापस अपने गांव लौट रहे थे। पाठकपुर नाधा रोड पर खजूरा छपरा गांव के पास बाइक ट्रैक्टर से टकरा गईं। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर सुल्तानगढ़ चौकी की पुलिस मौके कर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से बहजोई सीएचसी भेज दिया। जहां हालत नाजुक होने पर सत्यपाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर कर दिया। परिजन घायल को मुरादाबाद ले जा रहे थे। रास्ते में ही सत्यपाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।