लूटा गया कैश 21,235 रुपये था लेकिन मुख्य मार्ग पर दुस्साहस भरी वारदात होेने के बाद बिजली कर्मचारी सन्न हैं। वहीं पुलिस महकमा भी उलझन में आ गया है। लुटेरों की तलाश में सीओ ने मौके पर पहुंचकर आसपास के थानों को अलर्ट किया। चेकिंग कराई पर कोई लुटेरा हाथ नहीं आया। लुटेरे बाइक पर सवार होकर भागे हैं।
महमूदपुरमाफी निवासी शारिक रजा बिजली विभाग में ग्रेड टू का तकनीकी कर्मचारी है। क्षेत्र में बिल की धनराशि वसूल कर कार्यालय पर जमा करने के लिए आ रहा था। लुटेरों को उसके पास ज्यादा कैश होने की जानकारी रही होगी। शायद इसीलिए पल्सर बाइक पर सवार तीन लुटेरे फिरोजपुर पुल के निकट पहले से घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही बिजली कर्मचारी वहां से गुजरा उसे रोका और तमंचा लगा दिया। इसके बाद तलाशी ली और जेब में रखे रुपये, मोबाइल तथा बाइक की चाभी छीन ली। इसके बाद धमकाते हुए भाग गए। पीड़ित ने किसी और व्यक्ति के मोबाइल से 100 नंबर डायल किया। इसके बाद पुलिस पहुंची। तब तक लुटेरे भाग चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ ब्रह्मपाल सिंह बालियान मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों को अलर्ट कराया। आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कराई लेकिन कोई लुटेरा हाथ नहीं आया।
सीओ ब्रह्मपाल सिंह बालियान ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है। छानबीन कराई जा रही है। पिकेट को सक्रिय किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।