संभल/सिंहपुरसानी। जिले के गांव सिंहपुरसानी, चंदावली, राया, बड़ा ताजुद्दीन, भतावली गांव में किसानों ने भाजपा मुक्त घर के पोस्टर व स्टिकर लगाए हैं। इन गांवों में अब भाजपाई उन किसानों से व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं जिनके घरों में पोस्टर लगाए गए हैं।
भाजपा के क्षेत्रीय नेता और जिला पंचायत सदस्य चौधरी हरेंद्र सिंह का दावा है कि विरोध करने वाले राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। सियासी हित साधने के लिए पोस्टर लगवाए हैं। उन्होंने बताया कि जिन दो तीन लोगों ने पोस्टर छपवा कर बांटे हैं और लगवाए हैं उनके नाम भी उन्हें पता हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि जिनके घर के बाहर पोस्टर लगे हैं जनसंपर्क के दौरान उन किसानों ने भी बातचीत में कहा है कि वे पोस्टर को उनकी मर्जी से नहीं लगाया गया है।
इस स्थिति से पार्टी नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। इससे पहले एमएलसी डा. हरि सिंह ढिल्लो भी जाट बहुल कुछ गांवों का दौरा कर चुके हैं। वह अपने दौरे में कृषि कानूनों को किसान हित का बता चुके हैं। साथ ही विपक्षी दलों पर सियासी तीर चला चुके हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर भाजपा के विरोध में लगे स्टिकर और पोस्टर की चर्चा हो रही है। पक्ष विपक्ष में लोग कमेंट कर रहे हैं। इससे क्षेत्र की सियासत का माहौल गरमाया है।