संभल। फर्जीवाड़ा कर प्रधानमंत्री आवास योजना की योजना की धनराशि हड़पने के मामले में खंड विकास अधिकारी डा. नरेंद्र प्रताप मौर्य गुरुवार दोपहर जांच के लिए पहुंचे। वह गांव में एक घंटे रहे। फर्जीवाड़े से जुड़े पहलुओं पर उन्होंने छानबीन की। पीड़ितों के बयान लिए। इसके बाद जिला मुख्यालय बहजोई के लिए रवाना होगा।
पवांसा के खंड विकास अधिकारी डा. नरेंद्र प्रताप मौर्य ने बताया कि लाभार्थी के नाम तो एक जैसे हैं पर पिता के नाम में अंतर है लेकिन इसके बावजूद तीन लोगों की धनराशि दूसरे लोगों ने निकाल ली। इस आरोप के साथ आई शिकायत की तहकीकात करने के लिए वह अब साक्ष्य जुटा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी बातचीत की है। जिन लाभार्थियों के नाम से धनराशि आई थी और जिन लोगों ने धनराशि निकाली है, उनके बैंक खाते नंबर और वोटर तथा आधार कार्ड लेकर जांच की जा रही है ताकि प्रभावी कार्रवाई हो सके। इस संबंध में सबसे पहली कार्रवाई बिचौलियों से धनराशि वसूलने की होगी। अगली कार्रवाई परियोजना निदेशक के निर्देशों पर की जाएगी।