डीआईओएस के निरीक्षण में कोचिंग चलाते मिले बेसिक शिक्षा के शिक्षक
बहजोई (संभल)। डीआईओएस के निरीक्षण में बेसिक शिक्षा से जुड़े शिक्षक कोचिंग चलाते मिले। पूरे मामले में डीआईओएस ने बीएसए को पत्र लिखने की बात कही है। वहीं एक अन्य स्थान पर भी डीआईओएस ने निजी कोचिंग चलाते हुए छापेमारी की।
शुक्रवार की दोपहर साढ़े तीन बजे करीब जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुंद प्रसाद ने नगर के नया बाजार में पहुंचकर एक कोचिंग सेंटर पर छापेमारी की। डीआईओएस ने बताया कि संचालक की ओर से कोचिंग सेंटर संचालित करने को लेकर मौके पर कोई भी पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखाए गए। इसको लेकर संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस का संतुष्टिपूर्ण जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं पास ही दूसरे स्थान पर विकासखंड बहजोई की ग्राम पंचायत घासीपुर के सरकारी स्कूल में तैनात एक शिक्षक कोचिंग चलाते हुए मिले। इसको लेकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा जा रहा है। डीआईओएस के मुताबिक अवैध तरीके से चलाए जा रहे कोचिंग के खिलाफ छापामारी अभियान जारी रहेगा।
छापेमारी के बाद कोचिंग संचालकों में रहा हड़कंप
डीआईओएस की ओर से संचालित कोचिंग सेंटरों के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई के बाद संचालकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन संचालकों की ओर से कोचिंग सेंटर का पंजीकरण कराए जाने के लिए डीआईओएस दफ्तर पर एक के बाद एक आवेदन आने लगे। डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि छापेेमारी के बाद पांच संचालकों की ओर से कोचिंग सेंटरों के पंजीकरण को लेकर दफ्तर पर पहुंचकर आवेदन किए गए।