चंदौसी (संभल)। तीन बच्चे की मां को रिश्ते का चाचा जिला बलिया से काम के बहाने बहला फुसलाकर ले गया और चंदौसी के गांव नवाबपुरा में युवक को 40 हजार में बेचकर शादी करा दी। युवक ने मारपीटकर उसे खरीदे की बात बताई तो महिला बच्चों के साथ कोतवाली पहुंच गई। महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला बलिया के गांव शिवरामपुर मोहन छपरा निवासी पूजा (27) गुरुवार की सुबह कोतवाली पहुंच गई। उसके साथ तीन बच्चे थे। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में ही उसके रिश्ते का चाचा संजय यादव रहता है। मार्च में वह काम दिलाने के बहाने करीब दस दिन पहले उसे चंदौसी क्षेत्र के गांव मुड़ियाखेड़ा में अपनी बहन के घर लेकर आया था। चाचा यहां पहले कई बार रिश्तेदारी में कई बार आ चुका है।
आरोप है कि संजय और गांव नवाबपुरा निवासी वेदपाल ने मिलकर गांव के नैन सिंह से 19 मार्च को उसकी शादी करा दी। नैन सिंह अविवाहित है और मजदूरी करता है। यह शादी महिला की मर्जी से हुई। तीनों बेटे भी उसके साथ थे। आरोप है कि बुधवार की शाम आरोपी नैन सिंह ने उसके नौ वर्षीय बड़े बेटे के साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसने वेदपाल और संजय से 40 हजार रुपये में खरीदने की बात कही। रुपये देकर बेचने की बात महिला का पता नहीं थी। इससे आहत महिला रात में ही अपने बच्चों के साथ घर से निकल गई और गुरुवार की सुबह कोतवाली पहुुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराया।
40 हजार रुपये में बेचने की बात कहकर तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी रिश्ते के चाचा संजय यादव, आरोपी बिचौलिये वेदपाल व खरीदार नैन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूजा की तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला का पति मध्यप्रदेश में करता है काम
पूजा ने पुलिस को बताया कि उसका पति मध्यप्रदेश में कहीं काम करता है। वह घर नहीं आता है और न ही उसे खर्च के लिए पैसे देता है। इस कारण बच्चों को पालन मुश्किल हो रहा था। आरोपी संजय की बहन की शादी चंदौसी क्षेत्र के गांव मुड़ियाखेड़ा में हुई है। यहां पर काम दिलाने के बहाने आरोपी उसे अपने साथ ले आया था।
महिला की तहरीर पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। महिला के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। देवेंद्र कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंदौसी