संभल के मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को काले झंडे दिखाने पर भाकियू कार?
- फोटो : CHANDAUSI
धनारी (संभल)। भारतीय किसान यूनियन ने हाईवे पर गांव मानकपुर की मड़इयां के सामने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोकने का प्रयास किया और काले झंडे दिखाए। उन्होंने भाजपा मुर्दाबाद और तीन कृषि कानून वापस लेने के नारे लगाए। हाईवे पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के हाथ पैर फूल गए। काफिले में शामिल एएसपी गाड़ी से उतरे और किसानों को हाईवे से हटवाने में लग गए।
रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बहजोई के बाद रजपुरा में किसान सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हाईवे पर प्रदेश अध्यक्ष का काफिला गुजरने की सूचना पर भाकियू पदाधिकारी आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी थाना क्षेत्र के मानकपुर की मड़इया के मंदिर के पास एकत्र हो गए। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। जैसे ही काफिला मानकपुर की मड़इया से गुजरा तो भाकियू के कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर काफिले को काले झंडे दिखा कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
काफिले में शामिल एएसपी आलोक जायसवाल अपनी गाड़ी से नीचे उतर आए। हाईवे की ओर दौड़ रहे किसानों को पकड़कर पीछे हटाया। किसान तीन कृषि कानून को वापस कराने कराने की मांग कर रहे थे। किसानों ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। पुलिस ने भाकियू के दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस मौके भाकियू के जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव, तहसील अध्यक्ष अमर सिंह, मनवीर सिंह, भूदेव सिंह, नेत्रपाल सिंह, मनोज कुमार, काले सिंह, अरविन्द कुमार, नेक सिंह, पितांबर सिंह, हरपाल सिंह, दानवीर सिंह, जीतपाल सिंह, मुरारी सिंह, कल्लू सिंह, प्रशांत कुमार आदि शामिल रहे।