मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे बनियाठेर पुलिस हाइवे स्थित अकरौली चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौसी की ओर से बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और तीनों की पीठ पर बैग थे। पुलिस के पास आते ही युवकों ने बाइक तेज कर दी और वहां से भगा ले गए।
कुछ कदम जाने पर युवक सामने से आ रहे बाइक सवार से टकरा गए। इससे साइकिल सवार और तीनों बाइक सवार नीचे गिर गए। पुलिस पकड़ने दौड़ी तो तीनों युवक बाइक और एक बैग छोड़कर पास ईख में घुस गए। पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो एक रिवाल्वर, एक पिस्टल व चार कारतूस मिले।
मामला गंभीर देख पुलिस ने थाने सूचना कर पुलिस बल बुला लिया और ईख के पास युवकों की तलाशी शुरू कर दी। थाने से पुलिस पहुंचने पर खेत की घेराबंदी कर तलाश की गई। लेकिन आरोपी युवक पुलिस के हाथ नहीं लग सके।
पुलिस ने बाइक व बैग को कब्जे में लिया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि बाइक सवार भागे तो सामने साइकिल सवार को टक्कर लग गई, पुलिस उसे उठाने में लगी, इतने में युवक वहां से भाग गए।