संभल। संभल में एक बैंक के सहायक प्रबंधक कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनके संपर्क में रहे कर्मचारियों की एंटीजन किट से जांच हुई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। आरटीपीसीआर की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बैंक के सभी कार्य बंद करा दिए और सैनिटाइज कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को जानकारी मिली है कि सहायक प्रबंधक रामपुर स्थित अपने घर से लौटे हैं।
उन्हें कई दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो रही थी। सहायक बैंक प्रबंधक के संक्रमित होने के साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 25 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम का नेतृत्व कर रहे डा. नीरज शर्मा ने बताया कि बैंक के सभी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। आरटीपीसीआर की जांच के लिए नमूना लैब भेजा गया है। मार्च का महीना चलने के चलते सहायक प्रबंधक की आम लोगों से मुलाकात नहीं रही है। बैंक कर्मचारियों से ही ज्यादा संपर्क रहा है। बुधवार को बैंक बंद रहा। जिससे सैनिटाइज कराया जा सके। गुरुवार से बैंक में लेनदेन हो सकेगा।