बबराला(संभल)। गांव गंगावास के लोकड़िया हनुमान मंदिर पर चल रही सात दिवसीय रासलीला में शुक्रवार को कंस वध की लीला का मंचन करके कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंचन के दौरान कंस का वध होते ही पंडाल श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान दर्शकों ने कलाकारों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। वृंदावन से आए कलाकारों ने रासलीला मंचन के पहले दृश्य में दिखाया कि कंस मथुरा में एक बड़े मेले का आयोजन कराता है और अपने सेनापति अक्रूरजी को गोकुल भेजकर श्रीकृष्ण व बलराम को मथुरा बुलवाता है। जब भगवान श्रीकृष्ण और बलराम मथुरा पहुंचते हैं तो यहां मल्ल युद्ध का आयोजन किया जाता जाता है। इसमें श्रीकृष्ण-बलराम कंस के अति बलशाली पहलवानों को परास्त कर देते हैं।
दूसरे मंचन में दिखाया गया कि दोनों भाई मिलकर कंस को उसके सिंहासन से खींचकर नीचे गिरा देते हैं और फिर भगवान श्रीकृष्ण कंस का वध कर देते है। कंस वध के साथ ही रासलीला का समापन किया गया। इस अवसर पर प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में महंत राम नारायण गिरी, जयवीर, रामनरेश, राजेश भंडारी, राजेश, महेश, भूरे, लालाराम, उमेश, नेम सिंह आदि मौजूद रहे।