जुनावई(संभल)। जमीन हड़पने के मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख और उसके पिता समेत नौ नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। नामजद आरोप ब्लॉक प्रमुख रवि यादव व उसका पिता महेश यादव गांव दबथरा हिमंचल में 10 मार्च को भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या के आरोप में जेल में हैं।
गुन्नौर कस्बे के मासूम अली मोहल्ले के रहने वाले अब्दुल माजिद ने गुन्नौर थाने में 22 अप्रैल को पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि गुन्नौर तहसील क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख व अन्य आरोपियों ने भूमि गाटा संख्या 67 की पांच बीघा भूमि का फर्जी बैनामा कराने के बाद कब्जा कर बाउंड्री कर रखी है। उन्होंने 26 दिसंबर 2024 डीएम से शिकायत की थी।
शिकायत किए जाने पर 27 दिसंबर को मैढ़ोली गांव के रहने वाले तीन चार अज्ञात लोग सहित रवि यादव, महेश यादव, राम खिलाड़ी, जयकुमार, राजेश, जगविंदर, रमेश कुमार ग्राम मैढ़ोली एवं अशोक कुमार एटा सहित नौ लोग पीड़ित के घर में घुस आए और गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि पीड़ित के द्वारा नौ नामजद लोगों के खिलाफ छह दिन पहले जमीन हड़पने और जान से मारने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवेचना के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।