कुढ़फतेहगढ़। थाना क्षेत्र के गांव भीकनपुर में 30 अप्रैल की सुबह सुबह हुए खूनी संघर्ष में किसान साहब सिंह यादव (55) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी दुर्गपाल को गिरफ्तार किया है। जबकि इस मामले में पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। अभी एक और आरोपी फरार चल रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
गांव भीकनपुर में गांव के बाहर 30 अप्रैल को चकमार्ग का निर्माण कराया जा रहा था। गांव के बाहर साहब सिंह यादव और गांव के ही सुभाष का खेत आसपास हैं। साहब सिंह खुद खड़े होकर अपने खेत में चकमार्ग के लिए मिट्टी डलवा रहे थे। इसी बात को लेकर मारपीट हो गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष से लाइसेंसी राइफल और दोनाली बंदूक से फायर किए गए। पेट में गोली लगने से साहब सिंह की मौत हो गई थी।
इस मामले में मृतक के भाई राजवीर सिंह की ओर से सुभाष व उसके पुत्र अमित, अजय समेत शिव सिंह पुत्र राजाराम तथा दुर्गपाल पुत्र महावीर निवासी गण भीकनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने घटना की रात ही आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दूसरे दिन सुभाष और अमित ने थाने पहुंच कर सरेंडर कर दिया था। शिव सिंह और दुर्गपाल फरार चल रहे थे। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर गांव भगतपुर और लालपुर चेचरी मार्ग पर स्थित ट्यूबवेल के पास से दुर्गपाल को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक संदीप राज सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।