जुनावई। थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं हाईवे पर मंगलवार देर शाम आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पशु व्यापारियों को रोककर मारपीट कर दी। घटना में दोनों व्यापारी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के सेंजना मुस्लिम गांव निवासी शफीक और ईशाक गांव-गांव जाकर भैंस खरीदने-बेचने का काम करते हैं। मंगलवार को दोनों जुनावई क्षेत्र के पुशावली गांव भैंस खरीदने गए थे, लेकिन पशु न मिलने पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मेरठ-बदायूं हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार युवक ने गाली-गलौज करते हुए उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि इसके बाद मौके पर सात अन्य लोग भी पहुंच गए और सभी ने मिलकर दोनों व्यापारियों के साथ मारपीट की। घटना के संबंध में पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल शफीक को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। संवाद