बहजोई (संभल)। गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डबल डेकर बस पहले से रुके ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। मंगलवार सुबह करीब 5.15 बजे हुए इस हादसे में 25 लोग घायल हो गए। घायलों में यात्रियों के अलावा बस चालक-हेल्पर भी शामिल हैं। इनमें से 16 की स्थिति गंभीर मानते हुए सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चार की हालत चिंताजनक बताई गई है।
यह हादसा गंगा एक्सप्रेसवे के जिस हिस्से में हुआ वह बदायूं के जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में आता है। हादसे का शिकार हुई निजी डबल डेकर बस लुधियाना से सवारियां भरकर हरदोई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि गांव चंदोई-सिठौली के बीच टोल प्लाजा के निकट से गुजरते हुए बस आगे रुके ट्रक में जा घुसी। हसनपुर (अमरोहा) के रहने वाले बस चालक दानिश ने अचानक बस के ब्रेक फेल होना हादसे का कारण बताया है। हादसे में दानिश भी घायल हुआ है।
बस में 60 मुसाफिर सवार थे, जिनमें अधिकांश लखनऊ, हरदोई, उन्नाव के थे। हादसे के बाद घायलों ने चालक के शराब पीकर बस चलाने और बार-बार रफ्तार बढ़ाने-घटाने की शिकायत रखी। चालक की इसी हरकत को हादसे की वजह बताया है। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हादसे में घायल हुए 25 लोगों को एक्सप्रेसवे की पेट्रोल कार व एंबुलेंस की मदद से बहजोई सीएचसी लाया गया। वहां से 16 को गंभीर बताते हुए संभल जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बहजोई पुलिस ने बताया कि हादसे के कुछ देर बाद इस्लामनगर (बदायूं) की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में अस्पताल जाकर घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस व ट्रक को रोड से हटवाकर एक्सप्रेसवे क्लियर कराया। पुलिस के मुताबिक ट्रक में बिस्कुट भरे थे। ट्रक कहां से कहां जा रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
बस यात्री रमा ने हादसे के बाद बताया कि वह अपने चाचा-चाची के साथ लुधियाना से उन्नाव जा रही थीं। हादसे का कारण चालक की लापरवाही और मनमानी है। उन्होंने बताया कि चालक बस को कभी बहुत तेज और कभी बहुत धीमी कर देता था। अन्य यात्रियों ने कहा कि चालक और उसका साथी स्टाफ शराब पीने के लिए रास्ते में बस रोक देते थे। उन्होंने कहा कि चालक सावधानी से बस चलाता तो हादसा नहीं होता। ट्रक के पीछे के भाग में घुसने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद देखा कि बस की एक खिड़की का शीशा थोड़ा खुला हुआ था। उसे रास्ता बनाकर ही कई यात्री बस से बाहर निकले।
बहजोई। हादसाग्रस्त बस के यात्रियों ने गंगा एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस, पेट्रोल टीम और नजदीकी ग्रामीणों की भूमिका को सराहा। कहा कि इससे बिना देरी उपचार में मदद मिली। पेट्रोल कार टीम के आरपीओ अरुण व एआरपीओ ने बताया कि पेट्रोल कार के चालक सौरभ व एंबुलेंस के चालक महेश कुमार व प्रवीण कुमार समेत ईएमटी हेमेंद्र, दिनेश कुमार, एएमटी अरविंद, सुनील कुमार घायलों को सीएचसी पहुंचाने तक पूरी तरह सक्रिय रहे। संवाद
सड़क हादसे के बाद सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने सीएचसी में पहुंचकर घायलों का हाल जाना। सीएमओ गंगा एक्सप्रेसवे पर घटनास्थल तक भी गए। सीएचसी और जिला अस्पताल स्टाफ को इलाज संबंधी जरूरी निर्देश भी दिए।