संभल। कोतवाली क्षेत्र के चिमियावली में स्थित इंडियन मीट फैक्टरी में पशु बेचने आए मुरादाबाद के भोजपुर निवासी पशु व्यापारी शहजीम उर्फ पप्पू और सद्दाम को मीट कारोबारियों ने छह दिन तक सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में बंधक बनाए रखा। पीड़ितों के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह हयातनगर थाने पहुंचे। जहां जांच पड़ताल की गई और मोहल्ला भूड़ा पहुंचकर दोनों व्यापारियों को बंधनमुक्त किया गया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मुरादाबाद के भोजपुर निवासी इस्लामुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई शहजीम उर्फ पप्पू और गांव निवासी सद्दाम इंडियन मीट फैक्टरी में पशु बेचने का काम करते हैं। उधार नकद भी कारोबार होता है। आठ अप्रैल को हिसाब के लिए दोनों लोग मीट फैक्टरी आए थे। मीट फैक्टरी में कार्यरत एहतेशाम, फरदीन, आर्यन और अफरीदी ने बंधक बना लिया और सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में एक मकान में बंद कर दिया। पुलिस सूचना पर पहुंची और पीड़ितों को बंधकमुक्त कराया। साथ ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।