फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: सिलिंडर लेने गांव आ रहे चाचा-भतीजे की हादसे में मौत...गांव में नहीं जले चूल्हे

विज्ञापन
विज्ञापन
बहजोई। नोएडा से बाइक से अपने गांव आ रहे जिले के दो युवकों की रविवार रात हादसे में मौत हो गई। बाइक और स्कूटी आमने-सामने टकराने से हुए हादसे में एक स्कूटी सवार की भी जान चली गई। बाइक सवार दोनों युवकों में चाचा-भतीजा का रिश्ता था। परिजनों ने बताया कि नोएडा में गैस खत्म हो जाने पर वे घर से सिलिंडर लेने के लिए गांव आ रहे थे। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। दो युवकों की मौत से गम में डूबे गांव में चूल्हे नहीं जले। हादसे में जान गंवाने वालों में गांव मंडनपुर निवासी सत्यवीर (20) और उनका रिश्ते का भतीजा (गजेंद्र) तथा गांव मिर्जापुर कुरैशियान निवासी सैफ (18) शामिल हैं। सैफ स्कूटी से मिर्जापुर से बहजोई आ रहे थे। फतेहखान और आलम भी सैफ के साथ स्कूटी पर सवार थे। इन दोनों का गंभीर हालत में इलाज कराया जा रहा है।
विज्ञापन


सत्यवीर के पिता महेश ने बताया कि बेटा नोएडा में निजी कंपनी में काम करता था। महेश के मुताबिक वहां घर में रसोई गैस खत्म होने पर वह नोएडा में ही रह रहे अपने रिश्ते के भतीजे गजेंद्र के साथ बाइक से सिलिंडर लेने घर आ रहा था। उसे उम्मीद थी कि घर से सिलिंडर लेने के साथ परिजनों से मिलना जुलना भी हो जाएगा। गांव मंडनपुर से कुछ किलोमीटर पहले बहजोई-इस्लामनगर मार्ग पर हादसा हो गया और सत्यवीर और गजेंद्र की जान चली गई।



सीओ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायल स्कूटी सवार फतेहखान व आलम को गंभीर हालत के कारण सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन




उधर, इस हादसे से गांव मंडनपुर और मिर्जापुर कुरैशियान में घरों में कोहराम मच गया। एक हादसे में तीन मौत से हड़कंप में आई पुलिस भी मौके से लेकर सीएचसी सक्रिय रही।



इकलौते बेटे सत्यवीर की शादी की तैयारी में थे परिजन



ग्रामीणों ने बताया कि महेश की तीन संतानों में सत्यवीर इकलौता बेटा था। बड़ी बेटी विनीता की शादी के बाद महेश व परिजन सत्यवीर की शादी की तैयारी में थे। सत्यवीर की शादी की बात जिला बदायूं के थाना बिसौली क्षेत्र के गांव हरदासपुर से चल रही थी। रिश्ता तय होने से लेकर घर में शादी की खुशियां छाने से पहले ही जानलेवा हादसा हो गया। सत्यवीर के माता-पिता व छोटी बहन रचना के आंसू थम नहीं रहे हैं।

भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने बंद कराया सीएचसी का गेट

एक हादसे में क्षेत्र के दो गांवों के तीन युवकों की मौत की बात जैसे-जैसे फैली, पहले मौके पर और फिर सीएचसी पर भीड़ बढ़ती चली गई। घर-परिवार के लोगों के अलावा रिश्तेदारों व कई ग्रामीणों ने उधर का रुख कर लिया। भीड़ का दबाव देख पुलिस को कुछ देर के लिए सीएचसी का मुख्य गेट बंद कराना पड़ा। गमगीन लोगों को समझाकर वापस किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें